*सीआईए स्टाफ-2 भिवानी ने घर का ताला तोड़कर नकदी व आभूषण चोरी करने के मामले में एक आरोपी को किया गिरफ्तार, चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद।*
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशानुसार जिले में घरों में चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ-2 भिवानी की टीम ने घर में चोरी की वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जगपाल निवासी विद्या नगर, भिवानी ने थाना औद्योगिक क्षेत्र भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी कि दिनांक 02.02.2026 को उनके परिवार के सदस्य एक शादी समारोह में गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें रिश्तेदारों के माध्यम से सूचना मिली कि उनके घर के ताले टूटे हुए हैं। घर पहुंचकर उन्होंने देखा कि अज्ञात व्यक्ति घर का ताला तोड़कर अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ले गया है। शिकायत के आधार पर थाना औद्योगिक क्षेत्र भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दिनांक 21 जून 2026 को सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के मुख्य सिपाही ओमप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को नया बस स्टैंड, भिवानी क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
*गिरफ्तार आरोपी की पहचान जीतू पुत्र गौतम निवासी बैंक कॉलोनी भिवानी के रूप में हुई है।*
जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल का निवासी है तथा वर्तमान में बैंक कॉलोनी, भिवानी में रहकर ई-रिक्शा चलाने का कार्य करता है। आरोपी के विरुद्ध जिला भिवानी में चोरी के कई मामले पूर्व में भी दर्ज हैं और वह आदतन अपराधी प्रवृत्ति का है।
*पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनमें 04 सोने की अंगूठी, 04 सोने के कानों के बाले, सोने की दो चांद-पतरी, तीन चांदी की मूर्तियां, 04 जोडी चांदी की पाजेब तथा आठ चांदी के सिक्के शामिल हैं।*
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता
जिला पुलिस भिवानी।।