काव नदी में स्नान करने गईं दो बच्चियां तेज बहाव में बहीं, खोजबीन में जुटे गोताखोर
रोहतास जिले के दावथ जीउतिया पर्व के अवसर पर शनिवार की शाम काव नदी में स्नान करने गईं दो बच्चियां तेज बहाव में बह गईं। घटना दावथ थाना क्षेत्र के बक्सर बॉर्डर स्थित पंच दरवा पुल के समीप की है। दोनों बच्चियों के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों ने नदी में खोजबीन शुरू कर दी।
ग्रामीणों की सूचना पर दावथ अंचलाधिकारी गौरव कुमार और राजस्व पदाधिकारी विकास कुमार पंडित मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटना की जानकारी एसडीआरएफ को दी है। अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि धवई गांव निवासी जितेंद्र सिंह की 12 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी और भीम सिंह की 10 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी घर की महिलाओं के साथ काव नदी में स्नान करने गई थीं। स्नान के दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से दोनों बच्चियां बह गईं।
बताया गया कि उसी दौरान एक तीसरी बच्ची भी नदी के तेज बहाव में बहने लगी थी, जिसे वहां स्नान कर रही महिलाओं ने अथक प्रयास के बाद बचा लिया। अंचलाधिकारी ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई है। टीम के पदाधिकारी रविवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों बच्चियों की तलाश करेंगे।
Kargahar, Rohtas | Oct 3, 2026