📌 मिशन शक्ति के तहत सलैमपुर में जन चौपाल
महिलाओं-बालिकाओं को सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी
जालौन। पुलिस अधीक्षक जालौन की अध्यक्षता में ग्राम सलैमपुर, कालपी थाना कुठौंद में मिशन शक्ति अभियान के तहत जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं, महिलाओं और ग्रामीणों को महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा, यातायात नियमों और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जालौन पुलिस महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर लगातार प्रयासरत है। स्कूल, कॉलेज, बाजार, सार्वजनिक स्थान या कार्यस्थल पर किसी तरह की परेशानी होने पर महिलाएं 1090 (वूमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 108 (एम्बुलेंस), 1098 (चाइल्ड लाइन), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन) और 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी: जन चौपाल में साइबर सेल टीम ने ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया। बताया गया कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया, गेमिंग एप, फर्जी लिंक और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, मैसेज, ओटीपी या फाइल को बिना सत्यापन खोले नहीं, साथ ही केवल विश्वसनीय एवं आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही एप डाउनलोड करने की सलाह दी गई।
ग्रामीणों को सोशल मीडिया पर निजी फोटो, मोबाइल नंबर, पता, बैंक संबंधी जानकारी समेत अन्य व्यक्तिगत सूचनाएं साझा न करने, सुरक्षित इंटरनेट इस्तेमाल करने और साइबर बुलिंग से बचने के लिए जागरूक किया गया। किसी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
अपराध होने पर चुप न रहने की अपील: मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी पूनम यादव ने कहा कि किसी बालिका या महिला के साथ अपराध होने पर उसे चुप नहीं रहना चाहिए। परिजनों को जानकारी देने के साथ ही तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील: यातायात प्रभारी वीर बहादुर ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया।
जालौन पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए 24 घंटे प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया।
Orai, Jalaun | Oct 4, 2026