#Balrampur ! घर में दुपट्टे से लटका मिला 40 वर्षीय विवाहिता का शव, जांच में जुटी पुलिस...
#पचपेड़वा (#बलरामपुर)। पचपेड़वा थाना क्षेत्र के हड़खड़ी गांव में बुधवार को 40 वर्षीय विवाहिता आसमा खातून का शव घर के अंदर दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता आफत अली निवासी चैयपुरवा रमईपुर, थाना गैसड़ी ने बताया कि करीब 20 वर्ष पूर्व उनकी बेटी की शादी हड़खड़ी निवासी अकरम उर्फ राजू के साथ हुई थी। उनके दामाद पिछले करीब 15 वर्षों से सऊदी अरब में रहकर काम करते थे और बीच-बीच में घर आते-जाते रहते थे। बीते चार जून को भी वह घर से सऊदी अरब गए थे।
मृतका के एक 11 वर्षीय बेटा रहमान और एक बेटी तमन्ना है, जिसकी शादी हो चुकी है। घटना के समय परिवार में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। फिलहाल विवाहिता द्वारा यह कदम उठाए जाने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
मां की मौत से बेटे रहमान और बेटी तमन्ना का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में मातम पसरा हुआ है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#balrampurpolice