#Balrampur ! धनतेरस-दीपावली पर पुलिस अलर्ट, बाजारों में फ्लैग मार्च से बढ़ाई सुरक्षा...
प्रमुख बाजारों और सर्राफा दुकानों पर पुलिस की पैनी नजर, ड्रोन व सीसीटीवी से होगी निगरानी...
#बलरामपुर। धनतेरस और दीपावली के त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए बलरामपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में बुधवार को जिले के प्रमुख बाजारों, सर्राफा मार्केट और संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह ने बलरामपुर नगर, क्षेत्राधिकारी ललिया डीके श्रीवास्तव ने महाराजगंज तराई तथा क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेंद्र कुमार ने रेहरा बाजार में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए सुझाव भी लिए।
पुलिस ने लोगों से त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही अराजक तत्वों या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की बात कही।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रमुख स्थानों पर सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील इलाकों की ड्रोन कैमरों व सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। वहीं सोशल मीडिया पर भ्रामक अफवाह और भड़काऊ टिप्पणियां करने वालों पर साइबर एवं सोशल मीडिया सेल की विशेष नजर रहेगी।
इसके अलावा जिले के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च कर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की। पुलिस की इस सक्रियता का उद्देश्य त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन में विश्वास और असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना है।
Balrampur, Balrampur | Nov 4, 2026