माँ भलुनी धाम महोत्सव की तैयारियों का वरीय अधिकारियों ने लिया जायजा
डीडीसी, एडीएम और एसडीएम ने किया स्थल निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
दिनारा (रोहतास)। माँ भलुनी धाम महोत्सव के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी), रोहतास, अपर समाहर्ता रोहतास एवं अनुमंडल पदाधिकारी बिक्रमगंज सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों ने भलुनी धाम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान महोत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। वरीय अधिकारियों ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, वाहन पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश दिए।
वरीय पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी तत्परता एवं जवाबदेही से निर्वहन करें।
प्रशासन का उद्देश्य माँ भलुनी धाम महोत्सव को भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है, ताकि यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।