वैदिक ज्ञान से आधुनिक तकनीक तक, जल संरक्षण का दिया संदेश
________________
पीएम कॉलेज खरगोन में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जलस्रोत संरक्षण पर कार्यक्रम
________________
विद्यार्थियों ने वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का किया प्रत्यक्ष अवलोकन
________________
खरगोन 24 सितंबर 2026। पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खरगोन में ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत “जल संरक्षण, जलस्रोत/परिसर स्वच्छता तथा संरक्षण संदेश” विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य थीम “बूंद-बूंद से बनता सागर, जल संरक्षण है हम सबकी जिम्मेदारी” रही। आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.एस. चौहान के निर्देशन एवं कार्यक्रम प्रभारी डॉ. रवींद्र रावल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में वक्ताओं ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण के महत्व पर विचार व्यक्त किए। डॉ. डी.एस. बामनिया, प्रशासनिक अधिकारी ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों तथा समाज के प्रति विद्यार्थियों के दायित्व पर प्रकाश डाला। डॉ. संध्या बटवे, विभागाध्यक्ष प्राणीशास्त्र ने जल संरक्षण की आवश्यकता बताते हुए प्रत्येक बूंद के महत्व को समझाया।
डॉ. सी.एल. निंगवाल, विभागाध्यक्ष वनस्पतिशास्त्र ने पेड़-पौधों की उपयोगिता तथा भूजल स्तर बढ़ाने एवं उसके संरक्षण के उपायों की जानकारी दी। डॉ. मनोज पाटीदार ने वेदों में वर्णित ‘जल सूक्त’ एवं ‘वरुण पूजा’ के संदर्भों के माध्यम से भारतीय संस्कृति में जल के प्राचीन एवं आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित किया। अंत में डॉ. जी.आर. मसार ने अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में डॉ. संध्या बटवे ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिसर में स्थापित वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को वर्षा जल संचयन प्रणाली की कार्यप्रणाली एवं व्यावहारिक उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्राणीशास्त्र एवं वनस्पतिशास्त्र विभाग के विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजन में महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ तथा छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
#JansamparkMP #khargone #सेवा_संकल्प_अभियान