राष्ट्रीय पोषण माह में बालिकाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
________________
कन्या शिक्षा परिषद धूलकोट में 91 बालिकाओं के हीमोग्लोबिन की हुई जांच
________________
क्विज एवं पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से दिया संतुलित आहार का संदेश
________________
खरगोन 25 सितंबर 2026। महिला एवं बाल विकास विभाग की पहल के तहत राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत भगवानपुरा विकासखंड स्थित कन्या शिक्षा परिषद, धूलकोट में कक्षा 6 से 12वीं तक की छात्राओं के लिए पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इस वर्ष अभियान की थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” है।
कार्यक्रम में किशोरियों को संतुलित आहार, पोषण विविधता, पर्याप्त प्रोटीन सेवन, एनीमिया की रोकथाम तथा किशोरावस्था में स्वास्थ्य एवं पोषण के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों पर भी विद्यार्थियों से संवाद किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 91 बालिकाओं के हीमोग्लोबिन स्तर की जांच की गई। जांच के आधार पर बालिकाओं को आयरन एवं पोषणयुक्त आहार के महत्व की जानकारी दी गई। सामान्य हीमोग्लोबिन स्तर वाली बालिकाओं को भी संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के लिए क्विज एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. चंद्रजीत सावले, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. चेतन कलमे, परियोजना अधिकारी श्री नन्दराम सिंह सहित अंतरा फाउंडेशन की टीम की सहभागिता रही। स्थानीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा, सीएचओ एवं एएनएम ने भी विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम के माध्यम से किशोरियों को संदेश दिया गया कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाकर एनीमिया एवं कुपोषण की रोकथाम की जा सकती है।
#JansamparkMP #khargone #सेवा_संकल्प_अभियान