*निरंतर फील्ड विजिट कर विकास कार्यों के क्रियान्वयन की करें मॉनिटरिंग*
*कलेक्टर ने टीएल बैठक में दिए निर्देश*
-----------------
कलेक्टर हर्ष सिंह ने कहा है कि विभागीय अधिकारी निरंतर फील्ड विजिट के जरिए योजनाओं एवं विकास कार्यों के क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग करें। वर्तमान वित्तीय वर्ष के अंतिम त्रैमास के दृष्टिगत समय पर बजट का सदुपयोग किया जाए। विभिन्न निर्माण कार्यों में प्रगति लाना भी सुनिश्चित करें। जिला कलेक्टर ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई साप्ताहिक समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक के अवसर पर जिलाधिकारियों को उक्ताशय के निर्देश दिए। इस मौके पर विभागवार लंबित अनुकंपा नियुक्ति एवं विभागीय जांच के प्रकरणों में अविलंब कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया। अनुकंपा मामलों में लापरवाही की स्थिति पर विभाग प्रमुखों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि आगामी सोमवार की टीएल बैठक में इस आशय का प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया जाए कि अब उनके कार्यालय अथवा विभाग में अनुकंपा नियुक्ति का प्रकरण लंबित नहीं है।
उन्होंने कहा कि स्वरोजगारमूलक विभागों द्वारा तत्परता के साथ पात्र हितग्राहियों को विभागीय योजनाओं से लाभांवित किया जाए। समय सीमा में इनका वितरण सुनिश्चित हो। लीड बैंक अधिकारी द्वारा लंबित प्रकरणों की जानकारी अपडेट रखी जाए और विभाग स्तर आवश्यक समन्वय कर प्रकरण निराकृत हों। कलेक्टर ने ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से पूर्व में वृहद स्तर पर वितरित ऋण के माध्यम से समूह की महिलाओं के जीविका उपार्जन की वस्तुस्थिति का सत्यापन करवाने के निर्देश भी दिए। मत्स्यपालन विभाग के अधिकारी को शत प्रतिशत हितग्राहियों को लाभांवित करने के उद्देश्य से निरंतर भ्रमण और संपर्क के लिए निर्देशित किया गया। जिला कलेक्टर द्वारा आधार पंजीयन केन्द्र, खाद्यान्न वितरण एवं परिवहन, मध्यान्ह भोजन वितरण की स्थिति, सांझा चूल्हा से संबंधित मुद्दों की जानकारी भी ली गई। समग्र ई-केवायसी कार्य में कम प्रगति पर अजयगढ़ एवं अमानगंज सीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अजयगढ़ चौराहा से कलेक्ट्रेट पहुंच मार्ग में रोड चौड़ीकरण के पूर्व सड़क मरम्मत के लिए भी निर्देशित किया।
*लापरवाह सेल्समैन पर करें कार्रवाई*
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि खाद्यान्न वितरण की बेहतर व्यवस्था बनाना सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व का प्राथमिक कार्य है। सभी एसडीएम कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी के माध्यम से प्रतिदिन राशन वितरण स्थिति की जानकारी प्राप्त कर लापरवाह विक्रेताओं के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को खाद्य सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में निरंतर कार्रवाई के संबंध में निर्देशित किया गया। चलित वैन के जरिए निरंतर जागरूकता गतिविधियों के निर्देश भी दिए गए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को जल परीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा खनिज विभाग के अधिकारी को अवैध खनन एवं भंडारण के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि बेतरतीब ढंग से मुख्य मार्गों से गुजरने वाले ट्रैक्टर ट्रॉली और अन्य वाहनों पर कार्यवाही की जाए। इस दौरान अवैध एवं जहरीली शराब की बिक्री पर निरंतर रोकथाम की कार्रवाई करने, मेडिकल स्टोर्स की जांच, ड्रग के अवैध विक्रय पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश भी दिए। सीएमएचओ को भोपाल में अटैच औषधि निरीक्षक की पन्ना पदस्थापना स्थल पर उपस्थिति के संबंध में वांछित कार्यवाही के लिए कहा। आरटीओ को यातायात पुलिस के साथ अलग-अलग रूट पर समस्त यात्री बसों और स्कूली बसों की अभियान मोड में फिटनेस जांच के निर्देश दिए गए।
*तहसीलदार खाद वितरण व्यवस्था का लें जायजा*
कलेक्टर ने बैठक में जिले में खाद की उपलब्धता, समस्या और नियंत्रण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त कर नकद विक्रय केन्द्र एवं सोसायटी के माध्यम से खाद वितरण व्यवस्था के बारे में पूछा। मंगलवार को समस्त तहसीलदार को समक्ष में वितरण कार्य का जायजा लेने के निर्देश दिए। पराली प्रबंधन के संबंध में जानकारी लेकर बगैर कटर के हार्वेस्टर संचालन पाए जाने पर चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी से ई-अटेंडेेंस, साइकिल एवं किताब वितरण और स्कूल की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी लेकर बड़े स्कूलों में अपार आईडी कैम्प लगाने के लिए निर्देशित किया गया। सीएमओ को शहर में डॉग एवं मंकी बाइट्स से बचाव एवं रोकथाम के संबंध में निरंतर 10 दिवस का अभियान संचालित करने के लिए निर्देशित किया गया। जिला कलेक्टर द्वारा टीएल, जनसुनवाई पत्रों सहित सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। समस्त अधिकारियों को सशस्त्र सेना झण्डा दिवस की बकाया राशि 20 नवम्बर तक अनिवार्यतः जमा कराने के लिए कहा।
Panna, Panna | Nov 16, 2026