*वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष ने किया निरीक्षण*
---------------
मध्यप्रदेश वेअरहाउसिंग एण्ड लॉजिस्टिक्स कार्पाेरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच द्वारा पूर्व में उपार्जन समिति की बैठक में जिले की भंडारण क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से नवीन वेअरहाउस निर्माण के संबंध में लिए गए निर्णय के क्रम में सोमवार को पन्ना जिले में नवीन वेअरहाउस निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पवई विकासखंड अंतर्गत प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया गया। साथ ही रैपुरा, सिमरिया एवं मोहन्द्रा में भी नवीन वेयरहाउस निर्माण के लिए स्थल प्रस्तावित किए गए। इसी क्रम में गुनौर विकासखंड के गुनौर ओपन कैप, अमानगंज एवं सलेहा सहित पन्ना, अजयगढ़ एवं देवेन्द्रनगर में भी नवीन वेयरहाउस निर्माण की योजना प्रस्तावित है।
इस मौके पर अध्यक्ष श्री नगायच ने कहा कि जिले में कृषि उपज के सुरक्षित भंडारण के लिए पर्याप्त एवं आधुनिक भंडारण क्षमता विकसित करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं प्रमुख क्षेत्रों में नवीन वेयरहाउस निर्माण की संभावनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इससे किसानों की उपज के भंडारण के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधाओं का विस्तार होगा तथा उपार्जन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एण्ड लॉजिस्टिक्स कॉर्पाेरेशन द्वारा प्रदेश में भंडारण अधोसंरचना के विस्तार, उपलब्ध गोदामों के नवीनीकरण एवं आधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पन्ना जिले में भी चरणबद्ध तरीके से नवीन वेयरहाउस निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। किसानों की सुविधा, कृषि उपज का सुरक्षित भंडारण और प्रदेश की भंडारण क्षमता में वृद्धि निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है।
Panna, Panna | Nov 16, 2026