विशेष विधानसभा सत्र से पहले CM हेमंत सोरेन की बड़ी बैठक, मंत्रियों और विधायकों के साथ बनाई रणनीति
रांची: झारखंड विधानसभा के आगामी 25 और 26 नवंबर 2026 को होने वाले दो दिवसीय विशेष सत्र को लेकर राज्य की सियासत तेज हो गई है। विशेष सत्र से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास से सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में MMDR कानून और SIR के मुद्दे पर सदन में सरकार का पक्ष रखने की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और विधायकों से विशेष सत्र की पूरी तैयारी के साथ सदन में उपस्थित रहने को कहा। साथ ही विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले सवालों का जवाब तथ्यों के साथ देने पर जोर दिया गया।
SIR के मुद्दे पर सरकार उठाएगी सवाल
बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई। सत्ता पक्ष का मानना है कि इस प्रक्रिया में सामने आ रही कथित गड़बड़ियों और मतदाताओं को हो रही परेशानियों को सदन में प्रमुखता से उठाया जाना चाहिए।
बैठक के दौरान विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की स्थिति और लोगों की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। खासकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और नोटिस से जुड़े मामलों पर चर्चा हुई।
MMDR कानून के खिलाफ सरकार का विरोध
विशेष सत्र में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम 2026 यानी MMDR Amendment Act का मुद्दा भी प्रमुखता से उठ सकता है। झारखंड सरकार और सत्ताधारी गठबंधन का कहना है कि नए कानून के कुछ प्रावधानों से खनिज संपदा वाले राज्यों के राजस्व और अधिकारों पर असर पड़ सकता है।
सत्ताधारी दलों की मुख्य चिंता खनिज युक्त भूमि पर उपकर (सेस) लगाने के राज्य के अधिकारों को लेकर है। सरकार को आशंका है कि नए कानूनी प्रावधानों से राज्य के राजस्व में कमी आ सकती है। इसका असर विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी पड़ सकता है।
के. राजू ने भी रखी अपनी बात
बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी के. राजू भी शामिल हुए। उन्होंने MMDR कानून को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि इस कानून से खनिज संपदा वाले राज्यों के आर्थिक हित प्रभावित हो सकते हैं।
उन्होंने SIR की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। के. राजू के अनुसार, बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं और कई मामलों की सुनवाई अभी बाकी है। उन्होंने प्रक्रिया में पारदर्शिता रखने और जरूरत पड़ने पर समय-सीमा बढ़ाने की मांग की।
विशेष सत्र में विपक्ष को जवाब देने की तैयारी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक को विशेष सत्र से पहले सत्ता पक्ष की रणनीति तैयार करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 25 और 26 नवंबर को होने वाले सत्र में MMDR कानून, खनिज संपदा पर राज्य के अधिकार और SIR जैसे मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।
इस बैठक के जरिए सत्ता पक्ष ने साफ संकेत दिया है कि वह विशेष सत्र में इन मुद्दों को मजबूती से उठाने की तैयारी कर रहा है।
#HemantSoren #HemantSorenNews #JharkhandNews #JharkhandPolitics #JharkhandAssembly #SpecialAssemblySession #MMDRAct #MMDRAmendmentAct #SIR #SIRUpdate #JMM #Congress #JharkhandGovernment #RanchiNews #PoliticalNews #JharkhandBreakingNews #25November #26November #JalJangalJameen #CMHemantSoren #BreakingNews #ViralNews #TrendingNews #JharkhandUpdate #Ranchi
#HemantSoren #JharkhandNews #MMDRAct #SIR #JharkhandPolitics