आज दिनांक 09/09/2026 को पूर्वी चंपारण जिला अंतर्गत महारानी जानकी कुअर (एम. जे. के.) हाई स्कूल, मोतिहारी में महिला एवं बाल विकास निगम, पूर्वी चंपारण द्वारा एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण, उनके कानूनी अधिकारों, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से सुरक्षा (POSH Act) तथा समाज में महिलाओं एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत संबोधन के साथ हुआ। बैठक की अध्यक्षता कर रही स्थानीय समिति की अध्यक्षा शशिकला कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि महिला सुरक्षा एवं स्वावलंबन समाज की प्राथमिकता है। बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना आवश्यक है ताकि वे बिना किसी भय के शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
जिला परियोजना प्रबंधक,wcdc श्री वीरेंद्र राम द्वारा महिला एवं बाल निगम अंतर्गत संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, लैंगिक समानता, तथा महिलाओं के लिए स्वरोजगार व आर्थिक सशक्तिकरण की योजनाओं की जानकारी दी। इसी क्रम में जिला मिशन समन्वयक (DHEW) द्वारा मिशन शक्ति के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ', महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन सेवाओं और हिंसा मुक्त समाज के निर्माण में सरकारी योजनाओं की भूमिका को रेखांकित किया।जेंडर स्पेशलिस्ट श्री निर्भय कुमार के द्वारा जेंडर संवेदनशीलता, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से सुरक्षा (POSH Act), बाल विवाह प्रतिषेध तथा समाज में व्याप्त लैंगिक विषमताओं को दूर करने के कानूनी उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में महारानी जानकी कुअर हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकगण द्वारा आए हुए अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया। इस अवसर पर समिति के सदस्य, विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar ICDS Directorate Bihar
36 views | East Champaran, Bihar | Sep 9, 2026