जनसुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने एक गरीब विधवा महिला को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में शामिल करने का दिया निर्देश
अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई करते हुए जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव से एक गरीब विधवा महिला रेखा देवी मिलती है और अपनी पीड़ा व्यक्त करती है। महिला के द्वारा बताया गया कि उसके पास घर नहीं है और नहीं जमीन है। वह जमीन के लिए आवेदन लेकर जिलाधिकारी के समक्ष आई थी। इसी दौरान जिलाधिकारी के द्वारा यह भी पूछा गया कि क्या उन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिलता है। महिला के द्वारा बताया गया कि उन्हें कोई पेंशन नहीं मिलता। इस पर जिलाधिकारी ने अपने विशेष कार्य पदाधिकारी (osd)को कॉल किया और उन्हें महिला को सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग के पास भेजा। डीएम ने उस महिला का नाम सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए जोड़ने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी अंचल अधिकारी सदर मोतिहारी को रेखा देवी के आवेदन को फॉरवर्ड करते हुए उनसे मोबाइल पर बात कर अभियान बसेरा अंतर्गत उन्हे जमीन उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।
कल्याणपुर अंचल की विमला देवी का मामला दाखिल खारिज से संबंधित था। उनका कहना था कि कल्याणपुर सीओ के द्वारा परेशान किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी के द्वारा जनसुनवाई के दौरान ही कल्याणपुर सीओ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वार्ता की गई एवं उनके आवेदन को व्हाट्सएप के माध्यम से ट्रांसफर करते हुए इस मामले में नियमानुकूल उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
पकड़ीदयाल थाना के अजगरवा गांव के संतोष सिंह का मामला जमाबंदी सुधार से संबंधित था। उन्होंने बताया कि ग्राम कचहरी के माध्यम से आपसी सहमति से बटवारा भी हो चुका है। खाता संख्या और खेसरा संख्या अलग-अलग हो चुका है,लेकिन जमाबंदी एक ही है। उन्होंने नियमानुसार अपने नाम से जमाबंदी करने हेतु आवेदन दिया था जिस पर जिलाधिकारी के द्वारा अंचल अधिकारी पकड़ीदयाल से वार्ता कर उनके आवेदन पर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
पताही अंचल के परसौनी कपूर के रामाधार साहनी के द्वारा बताया गया कि डाक से प्राप्त सरकारी पोखर में मछली मारने से एक दबंग व्यक्ति के द्वारा रोका जा रहा है तथा हमेशा मार पीट की धमकी दी जा रही है।उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर अंचलाधिकारी से भी मिल चुके हैं, जिलाधिकारी के द्वारा उनके आवेदन को उप विकास आयुक्त पूर्वी चंपारण को जांच कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश के साथ भेजा गया।
आज की जनसुनवाई में कुल 14 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदन कर्ताओं से जिलाधिकारी ने बारी-बारी से मिलकर उनकी समस्या को सुना एवं उसके निदान कि भरोसा दिलाई।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
12 views | East Champaran, Bihar | Sep 9, 2026