शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने को लेकर डीएम और एसपी ने संभाला मोर्चा, यातायात थाना मोतिहारी में की गई बैठक
जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक श्री स्वर्ण प्रभात के द्वारा आज संध्या पहर यातायात थाना मोतिहारी में जाम की समस्या को दूर करने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की गई जिसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर मोतिहारी, प्रभारी यातायात सहित अन्य पुलिस प्रभारी उपस्थिति थे।
शहर के मुख्य बाजार में सड़कों पर जहां-तहां ठेला लगाने से जाम की समस्या बढ़ रही है। इसको लेकर निर्देश दिया गया कि शहर के सभी मुख्य पथों और चौराहों के पास ठेला नहीं लगाया जाए। छतौनी चौक के आसपास लगने वाले सभी ठेला को नरेगा पार्क में लगाया जाए। इसके लिए माइकिंग करा कर सभी को सूचना दे दी जाए। सड़कों के किनारे तीन पहिया और चार पहिया वाहन खड़ा नहीं रहे इस पर ध्यान दिया जाए और खड़ी वाहन के चालकों से जरूरी पूछताछ कर उसे वहां से हटाया जाए।
यातायात के सुचारू संचालन को लेकर प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल लगातार चौकन्ना रहकर स्थिति का जायजा लेते रहें। शहर में यातायात पेट्रोलिंग को बढ़ाया जाए एवं ध्यान रहे कि कहीं भी जाम की समस्या नहीं हो।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा मीना बाजार से लेकर छतौनी चौक तक फ्लैग मार्च किया गया और स्थिति का जायजा लिया गया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Motihari Police
19 views | East Champaran, Bihar | Sep 9, 2026