अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध जिला खनन टीम की सख्त कार्रवाई, 6 वाहन जब्त एवं लगभग 34 लाख रुपये का दंड अधिरोपित
अवैध खनन, परिवहन एवं खनिजों के अवैध भंडारण के विरुद्ध प्राप्त सूचना के आलोक में जिला खनन टीम द्वारा आज बेलहर एवं शंभुगंज थाना अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान अवैध खनन/परिवहन में संलिप्त कुल 6 वाहनों को जब्त करते हुए संबंधित वाहन मालिकों/संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस क्रम में लगभग 34 लाख रुपये का दंड अधिरोपित किया गया है।
जिला पदाधिकारी-सह-समाहर्ता, बांका द्वारा जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने खनन माफियाओं एवं अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमित रूप से सघन छापेमारी अभियान चलाते हुए नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Banka, Bihar | Sep 12, 2026