जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा कटोरिया प्रखंड अंतर्गत कटियारी पंचायत के लीलावरण गांव में स्थानीय अनुसूचित जनजाति की महिलाओं द्वारा संचालित समेकित कृषि मॉडल का अवलोकन किया गया।
इस दौरान उन्होंने महिलाओं द्वारा समूह के माध्यम से किए जा रहे कृषि कार्यों, टमाटर एवं नींबू के उत्पादन तथा जैविक खेती की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
गांव की स्थानीय महिलाओं द्वारा क्लस्टर समूह बनाकर सामूहिक रूप से खेती की जा रही है। सरकार के सहयोग से महिलाओं ने ऐसे क्षेत्र में भी कृषि गतिविधियों को बढ़ावा दिया है, जहां पहले खेती करना कठिन था। उनके प्रयासों से टमाटर का उत्पादन किया जा रहा है तथा नींबू सहित अन्य फसलों की खेती को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह पहल ग्रामीण महिलाओं की मेहनत, सामूहिक प्रयास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अवलोकन के दौरान स्थानीय महिलाओं ने जिला पदाधिकारी के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं को रखा। जिला पदाधिकारी ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी समस्याओं की जांच कर नियमानुसार त्वरित समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कृषि कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने, पात्र महिलाओं को सरकार की संबंधित योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। साथ ही, महिलाओं की आजीविका को सुदृढ़ करने एवं उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए कृषि एवं आजीविका संबंधी गतिविधियों को प्रोत्साहित करना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Banka, Bihar | Oct 9, 2026