अंचल कार्यालय, अमरपुर (बांका) में भूमि विवादों के अनुश्रवण एवं निदान हेतु अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष की संयुक्त बैठक का आज जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक, बांका श्री अमितेश कुमार द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों द्वारा जनता दरबार में उपस्थित परिवादियों की समस्याओं को सुना गया तथा प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की गई।
आज आयोजित अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष की संयुक्त बैठक में भूमि विवाद से संबंधित कुल 13 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 04 मामलों का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया। शेष मामलों के त्वरित एवं नियमानुसार निष्पादन हेतु जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया कि वे दो दिनों के अंदर संबंधित स्थल का संयुक्त रूप से निरीक्षण कर मामले की वास्तविक स्थिति की जांच करें तथा दोनों पक्षों की बात निष्पक्ष रूप से सुनते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही, जांच के दौरान यदि किसी व्यक्ति की गलती अथवा दोष पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को आयोजित होने वाले सेवा संवाद एवं समाधान कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में परिवादी अपनी समस्याओं को लेकर आते हैं। इस दौरान भूमि विवाद से संबंधित भी काफी संख्या में मामले प्राप्त होते हैं। भूमि विवादों के समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक अंचल कार्यालय में प्रत्येक शनिवार को अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष की संयुक्त बैठक आयोजित कर भूमि संबंधी विवादों की सुनवाई एवं समाधान का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि संयुक्त बैठक में अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष द्वारा दोनों पक्षों की बात सुनकर मामले की वास्तविक स्थिति की जांच की जाती है तथा नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों को भूमि विवादों के समाधान के लिए त्वरित एवं सुलभ मंच उपलब्ध कराना तथा अनावश्यक विवादों को समय रहते समाप्त करना है।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद से संबंधित मामलों में पक्षकारों की बात निष्पक्ष रूप से सुनते हुए स्थल निरीक्षण, अभिलेखों की जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों एवं न्यायालयों का चक्कर न लगाना पड़े। साथ ही, लंबित मामलों का नियमित अनुश्रवण करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों की बात सुनते हुए निष्पक्ष एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। संबंधित थानाध्यक्ष एवं अंचल अधिकारी द्वारा आपसी समन्वय से स्थल निरीक्षण कर मामलों का त्वरित समाधान किया जाएगा, ताकि छोटे-छोटे भूमि विवाद आगे चलकर बड़े विवाद का रूप न लें।
Banka, Bihar | Sep 12, 2026