सामाजिक आयोजनों को प्रोत्साहन मिलने के साथ
ही सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं विचारों से जुड़ी गतिविधियों के आयोजन को भी नई सुविधा मिलेगी- मंत्री श्री पटेल
=
हृदयपुर में 48 लाख रुपये की लागत से बनेगा सामुदायिक भवन
=
सरदार वल्लभभाई पटेल पार्क में हुआ भूमिपूजन,
=
पूरे क्षेत्र को मिलेगा लाभ
==
जिले की पंचायत हृदयपुर में सरदार वल्लभभाई पटेल पार्क में 48 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का आज भूमिपूजन किया गया। इस भवन का निर्माण सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थल पर सामाजिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों को नियमित रूप से आयोजित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थापित होने से यह स्थान तीर्थस्थल जैसा स्वरूप प्राप्त कर चुका है। यहां प्रतिवर्ष गरिमापूर्ण ढंग से कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने तथा वर्षभर नियमित गतिविधियां संचालित करने के लिए सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जा रहा है, इस आशय के विचार प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्क परिसर में 48 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नवीन सामुदायिक भवन का विधिवत भूमि-पूजन एवं शिलान्यास के दौरान व्यक्त किए।
श्री पटेल ने कहा भवन बनने से भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रति आस्था रखने वाले सामाजिक संगठनों, राजनीतिक प्रतिनिधियों, युवाओं और किसानों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों को कार्यक्रम आयोजित करने के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
उन्होने कहा सामुदायिक भवन का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाएगा। यह भवन केवल हृदयपुर पंचायत तक सीमित न रहकर आसपास के पूरे क्षेत्र के लिए उपयोगी साबित होगा। इससे सामाजिक आयोजनों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं विचारों से जुड़ी गतिविधियों के आयोजन को भी नई सुविधा मिलेगी।
मंत्री श्री पहले पटेल के होमगार्ड ग्राउंड पर स्थित हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचने पर विधायक हटा उमा देवी खटीक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया।