‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ अभियान को मिली नई गति, नव नियुक्त कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण संपन्न
बड़वानी 06 जून 2026/महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नव नियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का एक दिवसीय प्रशिक्षण आजीविका भवन, बड़वानी में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में परियोजना पाटी,बड़वानी एवं राजपुर की नव नियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर एवं पर्यवेक्षक श्रीमती निर्मला द्वारा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा, खेल आधारित शिक्षण पद्धति, बच्चों के सर्वांगीण विकास, पोषण प्रबंधन तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ कार्यक्रम के प्रभावी संचालन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न गतिविधियों एवं व्यवहारिक सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को बच्चों के सीखने और विकास से जुड़ी नवीन तकनीकों से अवगत कराया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री रतन सिंह गुंडीया के मार्गदर्शन मे मास्टर ट्रेनर ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ अभियान बच्चों के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से केंद्रों पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करते हुए बच्चों के पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण में सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अभियान के उद्देश्यों को जमीनी स्तर पर सफल बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण, शिक्षा एवं समग्र विकास को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाना है।
42 views | Barwani, Madhya Pradesh | Jun 6, 2026