गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर मदद पहुंचाना ही मानवता की सच्ची सेवा: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
रेडक्रॉस की एंबुलेंस दिन के समय गरीबों और श्रमिकों को उपलब्ध करवाएगी स्वास्थ्य सेवाओं का सहारा
सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना से जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी रेडक्रॉस एंबुलेंस
आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए मददगार साबित होगी रेडक्रॉस की नई एंबुलेंस, उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
पानीपत, 4 नवंबर। जिला सचिवालय परिसर से बुधवार को उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी की एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एंबुलेंस को रवाना करने से पहले उपायुक्त ने नारियल फोडक़र विधिवत रूप से इसका शुभारंभ किया। यह एंबुलेंस दिन के समय विशेष रूप से गरीब, श्रमिक और आर्थिक रूप से कमजोर जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए संचालित की जाएगी। इस पहल से ऐसे लोगों को काफी राहत मिलेगी, जिन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस की सुविधा प्राप्त करने में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि मानवता की वास्तविक पहचान जरूरत के समय किसी दूसरे व्यक्ति के काम आने में है। समाज के गरीब, श्रमिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को स्वास्थ्य सेवाओं का सहारा उपलब्ध करवाना केवल एक प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और सामाजिक दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है। रेडक्रॉस की यह एंबुलेंस जरूरतमंद लोगों के लिए मदद का एक मजबूत माध्यम बनेगी। हमारा प्रयास है कि आर्थिक अभाव किसी भी व्यक्ति के उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सहायता प्राप्त करने के रास्ते में बाधा न बने।
उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ ने रेडक्रॉस सोसायटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने के लिए ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहने चाहिए। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जनकल्याणकारी सुविधाओं को आमजन तक पहुंचाना है। विशेषकर गरीब और श्रमिक वर्ग को स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
रेडक्रॉस सचिव गौरव रामकरण ने बताया कि यह एंबुलेंस रेडक्रॉस मुख्यालय चंडीगढ़ से पानीपत में सेवाएं देने के लिए भेजी गई है। फिलहाल इसका संचालन दिन के समय किया जाएगा और भविष्य में जरूरत तथा व्यवस्था के अनुसार रात्रि के समय भी इसकी सेवाएं शुरू की जाएंगी। एंबुलेंस की सेवाओं के संचालन के लिए अमित कुमार को इंचार्ज नियुक्त किया गया है। जरूरतमंद व्यक्ति रेडक्रॉस समिति के माध्यम से एंबुलेंस सेवा प्राप्त करने के लिए इंचार्ज अमित कुमार के मोबाइल नंबर 95881 85866 तथा एंबुलेंस चालक अजय के मोबाइल नंबर 98177 55761 पर संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस सेवा का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को समय पर एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध करवाना है, ताकि गरीब और श्रमिक परिवारों को इसका सीधा लाभ मिल सके। इस मौके पर एसडीएम मनदीप कुमार,डीआईपीआरओ डॉ. सुनील बसताड़ा, रेडक्रॉस सचिव गौरव रामकरण, डीटीओ हरमेश, प्रेरणा बजाज, सोनिया, नरेंद्र आदि मौजूद रहे।