पटवारी फील्ड पर रहें, उनकी उपस्थिति की मॉनिटरिंग करें एसडीएम : कलेक्टर
कलेक्टर का सख्त रुख : अनहाइजेनिक स्थिति वाले रेस्टोरेंट को सील करने की कार्रवाई के निर्देश
अवैध गैस रिफिलिंग की शिकायतों के मामले में डीएसओ श्री ऋषि शर्मा पर जताई नाराजगी
मुआवजा एवं राहत राशि के वितरण में अनियमितता करने वाले पटवारियों पर कार्रवाई करने के निर्देश
कलेक्टर ने किसानों के केसीसी बनाने के दिए निर्देश
03 सितंबर को नौगांव में जन विश्वास अभियान के तहत शिविर होगा आयोजित
---
बुधवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में कलेक्टर श्री मृणाल मीना की अध्यक्षता में टीएल बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री नमः शिवाय अरजरिया, एडीएम श्री विनय द्विवेदी, एसडीएम सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री मीना ने आगामी 03 सितंबर को नौगांव में होने वाले जन विश्वास शिविर के पूर्व शिविर कर तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए एसडीएम को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि मोबाइल कोर्ट एवं शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जाएगा, जिसकी तैयारी सुनिश्चित करें। दिव्यांगों के लिए स्क्रीनिंग शिविर में उनके यूडीआईडी कार्ड जनरेट करना, पेंशन दिलाना एवं दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी करना सुनिश्चित करें। साथ ही संबल से वृद्धजनों का डाटा लेकर समग्र सुरक्षा विस्तार अधिकारी को लगाकर पेंशन योजना का लाभ दिलाएं।
कलेक्टर ने जीएम सीसीबी को किसानों के केसीसी बनाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही मत्स्य विभाग को केज कल्चर की स्थापना हेतु निर्देशित किया। उन्होंने पशुपालन विभाग के खराब कार्यों को लेकर नाराजगी जताई और निर्देश दिए कि सेक्स सॉर्टेड सीमन, पशुपालकों के केसीसी एवं पशुओं के टीकाकरण में प्रगति बढ़ाएं तथा खराब कार्य करने वाले ब्लॉक स्तर के पशु चिकित्सा अधिकारियों पर कार्रवाई करें। कलेक्टर ने डीडी वेटनरी को गौशालाओं के औचक निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए।
आदेशों का अमल कराना सुनिश्चित करें एसडीएम, अन्यथा रुकेगी वेतनवृद्धि
उर्वरक वितरण की पोर्टल पर एंट्री नहीं करने एवं उर्वरक वितरण में अनियमितता होने पर डीडी एग्रीकल्चर को नोटिस
हाइब्रिड मोड में किए गए उर्वरक वितरण की पोर्टल पर एंट्री नहीं करने एवं पिछले वर्ष की तुलना में अधिक उर्वरक वितरण में अनियमितता होने पर उपसंचालक कृषि को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने नौगांव में राजस्व की अधिक शिकायतें होने पर एसडीएम को गंभीरता से मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को स्पष्ट हिदायत दी कि आदेशों का अमल कराना सुनिश्चित करें, अन्यथा वेतनवृद्धि रोकी जाएगी। उन्होंने बिना अमल के आदेशों एवं कब्जा संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सख्ती दिखाते हुए मुआवजा एवं राहत राशि के वितरण में अनियमितता करने वाले पटवारियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को सीएमएचओ के साथ अनहाइजेनिक स्थिति वाले रेस्टोरेंट पर नोटिस के पश्चात सील करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रम योगी मानधन योजना में कार्य नहीं करने वाले एवं खराब प्रगति होने पर जनपद सीईओ को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
नवीन बसाहट करौंदिया में बिजली के खंभे का कार्य जल्द पूर्ण कराने के निर्देश
केन-बेतवा विस्थापितों की नवीन बसाहट करौंदिया में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही एमपीईबी को बिजली के खंभे लगाने का कार्य जल्द पूर्ण कर बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं नियमित अस्थाई आंगनवाड़ी संचालन के निर्देश दिए।
अवैध गैस रिफिलिंग की शिकायतों के मामले में डीएसओ पर जताई नाराजगी, एडीएम को जांच के निर्देश
कलेक्टर ने सीएमओ को सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई के दिए निर्देश
छतरपुर सीएमओ को सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ठेला विक्रेताओं की निगरानी कर यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि दुकानदारों द्वारा पैसे लेकर बिक्री के लिए ठेले खड़े न कराए जाएं। ऐसे मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही चंद्रनगर में उज्ज्वला योजना के सिलेंडरों की अवैध गैस रिफिलिंग की शिकायतों के मामले में डीएसओ श्री ऋषि शर्मा पर नाराजगी जताई और एडीएम को इसकी जांच करने के निर्देश दिए।
17 सितंबर से शुरू हो रहा सेवा संकल्प अभियान
कलेक्टर ने अभियान में विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
17 सितंबर 2026 से शुरू हो रहा सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह तक संचालित किया जाएगा। संपूर्ण माह चलने वाले अभियान में संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के कलेक्टर ने विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
BJP Madhya Pradesh
#chhatarpur