नगरीय निकाय चुनाव - 2026
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए मतदान कार्मिक सतर्कता से निभाएं दायित्व - जिला निर्वाचन अधिकारी
द्वितीय चरण के मतदान के लिए मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण, बूथों के लिए हुए रवाना
नगर निगम उदयपुर, मावली और कानोड़ में शुक्रवार को होगा मतदान
@followers @top fans District Collector & Magistrate - Udaipur News 24 Udaipur
#NikayChunav #udaipur #election #viralpost #nonfollowers
उदयपुर, 10 सितम्बर। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना सभी मतदान कार्मिकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने मतदान प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना करते हुए पूरी सजगता और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
श्री अग्रवाल गुरूवार को नगर निगम के सुखाड़िया रंगमंच और पं दीनदयाल उपाध्याय सभागार में नगरीय निकाय चुनाव के द्वितीय चरण के लिए मतदान दलों के अंतिम प्रशिक्षण को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन में मतदान प्रक्रिया सर्वाधिक संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण होती है। इसलिए पीठासीन अधिकारी और उनकी टीम पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करें, ताकि निष्पक्ष, निर्भिक और शांतिपूर्ण निर्वाचन सुनिश्चित किया जा सके। नगर निगम उदयपुर के मतदान दलों को सुखाड़िया रंगमंच सभागार पर दो पारियों में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। वहीं नगरपालिका मावली एवं कानोड़ के मतदान दलों को दीनदयाल उपाध्याय सभागार में प्रशिक्षण दिया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्रसिंह राठौड़ एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी कीर्ति राठौड़ के निर्देशन में सहायक प्रभारी डॉ. महामाया प्रसाद चौबीसा ने पीठासीन अधिकारियों तथा मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय को मतदान प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान मतदान दिवस पर किए जाने वाले विभिन्न कार्यों, निर्वाचन प्रक्रिया तथा दायित्वों के संबंध में मतदान कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
प्रशिक्षण के बाद सामग्री लेकर बूथों के लिए रवाना हुए दल
प्रशिक्षण उपरांत नगर निगम उदयपुर क्षेत्र के 40 आरक्षित दलों सहित कुल 450 मतदान दलों ने राजस्थान कृषि महाविद्यालय स्थित वितरण केंद्र से चुनाव सामग्री प्राप्त की और अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। वहीं नगरपालिका मावली एवं कानोड़ के 4 आरक्षित दलों सहित कुल 44 मतदान दलों ने प्रशिक्षण उपरान्त आवंटित वाहनों ने संबंधित नगरपालिका मुख्यालयों के प्रस्थान किया। कानोड़ के दलों ने पं. उदय जैन महाविद्यालय कानोड़ और मावली के दलों ने पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मावली से सामग्री प्राप्त कर अपने-अपने मतदान केंद्र पर मोर्चा संभाला।
4 लाख 33 हजार 736 मतदाता करेंगे 331 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
नगरीय निकाय चुनाव - 2026 के तहत द्वितीय चरण का मतदान शुक्रवार को होगा। उदयपुर जिले में नगर निगम उदयपुर सहित नगरपालिका मावली और कानोड़ में मतदान प्रस्तावित है। नगर निगम के 80 वार्डों सहित कुल 120 वार्डों के लिए मतदान होना है। इसके लिए कुल 331 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। उदयपुर नगर निगम में 220, मावली में 59 और कानोड़ में 52 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। उदयपुर मुख्यालय पर 410 मतदान केंद्रों और मावली और कानोड़ के 20-20 केंद्रों पर शुक्रवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा। इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मतदान दलों और सुरक्षा कार्मिकों ने भी बूथों पर पहुंच कर व्यवस्थाएं संभाल ली हैं।
वैकल्पिक दस्तावेजों से भी कर सकेंगे मतदान
राज्य चुनाव आयोग ने आमजन को मतदाता पहचान पत्र के अभाव में 11 अन्य वैकल्पिक पहचान दस्तावेज के आधार पर मतदान करने की अनुमति प्रदान की है। इन 11 दस्तावेजों में आधार कार्ड, मनरेगा अथवा वीबी जी राम जी जॉब कार्ड, बैंक/डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कोर्ड/आयुष्मान भारत हैल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटो सहित पेंशन दस्तावेज, केंद्र/राज्य सरकार/पीएसयू/सार्वजनिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों/विधायकों/एमएलसी को जारी किए गए आधिकारिक पहचान पत्र और भारत सरकार के सामाजिक न्याय मंत्रालय द्वारा दिव्यांगजनों को जारी यूनिक डिसेबिलिटी आईडी (युडीआईडी) शामिल हैं। इन दस्तावेजों की मूल प्रति ही स्वीकार की जाएगी, सॉफ्ट या फोटोकॉपी दिखाकर मतदान नहीं कर सकेंगे।
फैक्ट फाइल
निर्वाचन क्षेत्र नगर निगम उदयपुर
कुल वार्ड - 80
कुल बूथ - 410
कुल प्रत्याशी - 220
कुल मतदाता - 416143
पुरूष मतदाता - 209048
महिला मतदाता - 207081
ट्रांसजेण्डर - 14
निर्वाचन क्षेत्र नगरपालिका मावली
कुल वार्ड - 20
कुल बूथ - 20
कुल प्रत्याशी -59
कुल मतदाता - 8198
पुरूष मतदाता - 4132
महिला मतदाता - 4063
ट्रांसजेण्डर - 03
निर्वाचन क्षेत्र नगरपालिका कानोड़
कुल वार्ड - 20
कुल बूथ - 20
कुल प्रत्याशी - 52
कुल मतदाता - 9395
पुरूष मतदाता - 4757
महिला मतदाता - 4638
Girwa, Udaipur | Sep 10, 2026