एसआर इंटरनेशनल एकेडमी के बाल मेले में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, जय चौबे ने किया शुभारंभ
विज्ञान प्रदर्शनी में मिसाइल और राफेल फाइटर जेट के मॉडल बने आकर्षण, राकेश चतुर्वेदी ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह
नाथनगर (संतकबीरनगर)। बाल दिवस पर शनिवार को एसआर इंटरनेशनल एकेडमी, नाथनगर में भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ खलीलाबाद के पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे और एकेडमी के एमडी एवं पूर्व प्रमुख राकेश चतुर्वेदी ने फीता काटकर किया।
इस दौरान विद्यार्थियों की ओर से आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी और विभिन्न व्यंजनों के स्टाल आकर्षण का केंद्र रहे।
विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने मिसाइल, राफेल फाइटर जेट, शरीर क्रिया विज्ञान, आधुनिक तकनीक, संचार माध्यम और प्रदूषण जैसे विषयों पर आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपने प्रयोगों के माध्यम से वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों की मेहनत और हुनर की सराहना की।
पूर्व विधायक जय चौबे और राकेश चतुर्वेदी ने बच्चों के साथ विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया तथा स्टालों पर खरीदारी कर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। जय चौबे ने कहा कि बाल मेले जैसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा निखारने और उनमें आत्मविश्वास विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम में प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर मनोज पांडेय, हरिश्चन्द्र यादव सहित शिक्षकगण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।