#टीही_धार के बीच नवनिर्मित बड़ी रेल लाइन का सीआरएस #निरीक्षण एवं गति परीक्षण #सफलतापूर्वक सम्पन्न
लगभग 47 किलोमीटर लंबे रेलखंड का रेल संरक्षा आयुक्त ने किया निरीक्षण, 120 किमी प्रति घंटे से अधिक की गति से किया गया परीक्षण
#रतलाम, 07 नवंबर (मालव अलंकरण)। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के अंतर्गत इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के टीही–धार रेलखंड पर नवनिर्मित बड़ी रेल लाइन का रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) द्वारा निरीक्षण एवं गति परीक्षण सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया। लगभग 47 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड के निरीक्षण के साथ ही परियोजना के एक महत्वपूर्ण चरण की उपलब्धि हासिल हुई है।
पश्चिम परिमंडल के रेल संरक्षा आयुक्त श्री ई. श्रीनिवास ने 05 एवं 06 नवंबर 2026 को दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान टीही–धार रेलखंड का विस्तृत परीक्षण किया। 05 नवंबर को टीही से गुणावद तक तथा 06 नवंबर को गुणावद से धार तक ट्रॉली के माध्यम से निरीक्षण किया गया। इस दौरान नवनिर्मित रेल लाइन पर बने पुलों, रेलवे ट्रैक, ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई), सिग्नलिंग प्रणाली तथा अन्य संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया। इस रेलखंड की प्रमुख विशेषता लगभग 3 किलोमीटर लंबी टीही टनल का भी गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के उपरांत 06 नवंबर को टीही–धार रेलखंड पर विशेष निरीक्षण यान द्वारा 120 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की गति से गति परीक्षण किया गया। इसका उद्देश्य रेल ट्रैक की गुणवत्ता, स्थिरता एवं संरक्षा मानकों की जांच करना था। इस दौरान निरीक्षण यान ने धार से 15:32 बजे प्रस्थान कर 15:58 बजे टीही पहुंचते हुए लगभग 47 किलोमीटर की दूरी तय की।
पश्चिम #रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, टीही–धार रेलखंड का सीआरएस निरीक्षण एवं गति परीक्षण सफलतापूर्वक सम्पन्न होना इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन परियोजना की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सीआरएस की स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत इस रेलखंड पर रेल परिचालन का मार्ग प्रशस्त होगा। यह रेलखंड आर्थिक, औद्योगिक, पर्यटन एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क प्रदान करने में अहम भूमिका निभाएगा।
उल्लेखनीय है कि सीआरएस निरीक्षण से पूर्व प्रधान मुख्य बिजली इंजीनियर द्वारा इस रेलखंड के विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण किया गया था तथा विद्युतीकरण के लिए प्राधिकरण पत्र भी जारी कर दिया गया है। इससे यह रेलखंड इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के संचालन के लिए भी उपयुक्त हो गया है।
#पीथमपुर के औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति
टीही–धार रेलखंड के शुरू होने से इंदौर, पीथमपुर एवं धार क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी। विशेष रूप से पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र को इस परियोजना से महत्वपूर्ण लाभ मिलने की संभावना है। पीथमपुर मध्यप्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल है, जहां ऑटोमोबाइल एवं ऑटो कंपोनेंट्स, वाणिज्यिक वाहन निर्माण, इंजीनियरिंग, टायर, फार्मास्युटिकल, केमिकल एवं प्लास्टिक आधारित अनेक उद्योग स्थापित हैं।
नई रेल लाइन के माध्यम से इन औद्योगिक इकाइयों को कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार उत्पादों के परिवहन के लिए बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे माल परिवहन अधिक सुगम होगा तथा परिवहन समय एवं लागत में कमी आने की संभावना है। साथ ही औद्योगिक निवेश, व्यापारिक गतिविधियों, रोजगार सृजन एवं लॉजिस्टिक्स सुविधाओं के विस्तार को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन परियोजना मालवा क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के आदिवासी अंचलों के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।
यात्रियों को मिलेगी बेहतर रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
टीही–धार रेलखंड के चालू होने से इंदौर, पीथमपुर एवं धार सहित आसपास के क्षेत्रों में रेल संपर्क का विस्तार होगा। इससे भविष्य में यात्री एवं मालगाड़ियों के संचालन की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इसके अतिरिक्त धार एवं आसपास के क्षेत्रों के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी, जिससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसका सकारात्मक प्रभाव स्थानीय व्यापार, रोजगार एवं क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा।
पश्चिम रेलवे द्वारा इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन परियोजना को आधुनिक रेल अवसंरचना के विस्तार, औद्योगिक विकास, बेहतर यात्री सुविधाओं एवं क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
जनसंपर्क अधिकारी
पश्चिम रेलवे, रतलाम मंडल
#MalavAlankaranDigital #मालवअलंकरणडिजिटल #दैनिकमालवअलंकरण #मंदसौर_नीमच_रतलाम #उज्जैन_इंदौर_भोपाल