फिरोजाबाद - जन कल्याणकारी योजनाओं को लेकर जिलाधिकारी सख्त, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
मुख्यमंत्री द्वारा जन कल्याणकारी और विकास योजनाओं की समीक्षा के बाद मिले निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी कल्पना जयसवाल, पीडी डीआरडीए सुभाष चंद्र त्रिपाठी, उप निदेशक कृषि सत्येंद्र सिंह, प्रोबेशन अधिकारी मिथलेश कुमार, उप जिलाधिकारी सदर सुदर्शन, उप जिलाधिकारी टूंडला, जिला पंचायत राज अधिकारी अरुण अत्री आदि उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने योजनाओं की प्रगति और जन समस्याओं के निस्तारण में पाई गई कमियों पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभागों में योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करें। शासन स्तर से स्पष्ट निर्देश है कि कार्य न करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
- निराश्रित महिला पेंशन योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नारखी एवं टूंडला ब्लॉक में प्राप्त फीडबैक और पेंशन वितरण में आ रही समस्याओं का संज्ञान लेते हुए विस्तृत रिपोर्ट तलब की। पेंशनरों को समय पर भुगतान न होने, आधार व बैंक लिंकिंग की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष प्रयास करने और हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
- प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों के सर्वेक्षण, सत्यापन और स्वीकृति में पूरी पारदर्शिता बरतने और पात्र लाभार्थियों को धनराशि जारी करने में हो रहे विलंब को दूर कर समयबद्ध प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना में राशन वितरण में कम तौल और गुणवत्ता की शिकायत मिलने पर एफआईआर सहित कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।
- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में किसानों के आधार और बैंक खाता लिंकिंग की समस्याओं को प्राथमिकता पर हल करने और मृतक या अपात्र लाभार्थियों की छंटनी कर शत प्रतिशत किसानों को लाभ देने के निर्देश दिए।
- आयुष्मान योजना के तहत सभी पात्र निजी व सरकारी अस्पतालों का एम्पैनलमेंट सुनिश्चित करने और आयुष्मान कार्ड बनाने में न्यूनतम समय लगाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विगत माहों की आईजीआरएस एवं अन्य माध्यमों की शिकायतों के निस्तारण का ब्लॉकवार व विभागवार डाटा तैयार करने के निर्देश भी दिए और कहा कि जनहित की योजनाओं में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।