#बालाघाट
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया गया एफटीके प्रशिक्षण
ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने तथा जल स्रोतों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) द्वारा जनपद पंचायत वारासिवनी में फील्ड टेस्ट किट (FTK) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्य कार्यपालन यंत्री श्री बी.एल. उइके के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में उपखंड वारासिवनी के सहायक यंत्री श्री विजय तिवारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी श्रीमती यशोदा भगत की उपस्थिति रही। प्रशिक्षण में महिला एवं बाल विकास विभाग के वारासिवनी, बुदबुदा-1 एवं बुदबुदा-2 सेक्टर की 72 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रयोगशाला केमिस्ट रेखा पटले एवं टीना बिसेन तथा ब्लॉक समन्वयक प्रतांशी पाठक ने कार्यकर्ताओं को फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से जल गुणवत्ता जांच का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। रेखा पटले ने किट के उपयोग का लाइव प्रदर्शन करते हुए बताया कि इसके माध्यम से पानी में फ्लोराइड, नाइट्रेट, आयरन, हार्डनेस, क्लोरीन तथा पीएच मान की जांच कम समय में की जा सकती है। उन्होंने बताया कि दूषित जल का सबसे अधिक प्रभाव बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर पड़ता है, इसलिए नियमित जल परीक्षण अत्यंत आवश्यक है।
परियोजना अधिकारी श्रीमती यशोदा भगत ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रशिक्षित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अब अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल स्रोतों की जांच कर उसका रिकॉर्ड तैयार करेंगी। यदि किसी स्रोत का पानी दूषित पाया जाता है तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी जाएगी, जिससे समय पर सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सहायक यंत्री श्री विजय तिवारी ने प्रशिक्षण का निरीक्षण कर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ग्रामीण स्वास्थ्य एवं पोषण व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। जल गुणवत्ता निगरानी में उनकी सक्रिय भागीदारी गांवों को जलजनित बीमारियों से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। प्रशिक्षण के दौरान सभी 72 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की FTK यूजर आईडी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के शीतल मिश्रा, हरीश झा (पीएमयू), ब्लॉक समन्वयक प्रतांशी पाठक, श्रुति डहाटे, रानी सिंह राजपूत एवं मोहिनी पटले द्वारा बनाई गई। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #जल_गंगा_संवर्धन_अभियान_MP
#minphemp #mp_wcdmp
4 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jun 8, 2026