#बालाघाट
वारासिवनी महाविद्यालय में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट पर हुई चर्चा
6 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी बालाघाट के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल विनीत कमल गुप्ता के निर्देशन एवं शासकीय शंकर साव पटेल महाविद्यालय वारासिवनी की प्राचार्य डॉ. सरिता कोल्हेकर के मार्गदर्शन में 08 जून को पुनीत सागर अभियान के अंतर्गत एसएससीडी गतिविधि के तहत प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ एनसीसी कैडेट श्रेया शुक्ला ने उपस्थित कैडेट्स को प्लास्टिक के उचित उपयोग, उसके पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) तथा पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है, क्योंकि यह लंबे समय तक नष्ट नहीं होता और भूमि की उर्वरता को प्रभावित करता है।
इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी मेजर डॉ. हेमंत कुमार मंडाले ने कैडेट्स को प्लास्टिक के कम से कम उपयोग की सलाह देते हुए कहा कि प्लास्टिक कचरे को निर्धारित स्थान पर ही एकत्रित किया जाना चाहिए, ताकि वह पर्यावरण में इधर-उधर न फैले। उन्होंने कैडेट्स से अपने परिवार और परिचितों को भी प्लास्टिक प्रदूषण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से जल स्रोतों एवं नदियों के किनारों पर प्लास्टिक कचरा नहीं फैलाने और स्वच्छ पर्यावरण के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में 42 एनसीसी कैडेट्स ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #HigherEducation
1 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jun 8, 2026