ट्रक की टक्कर से बिजली का खंभा टूटा, तीन दिन से अंधेरे में पिपरावं का मोजरा
जेई को सूचना देने के बावजूद नहीं सुधरी बिजली व्यवस्था, उमस और अंधेरे में परेशान ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
यूनाइटेड भारत बारा
प्रयागराज। बारा तहसील क्षेत्र के जारी पावर हाउस से जुड़े पिपरावं के मोजरा गांव में बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त होने के कारण पिछले तीन दिनों से विद्युत आपूर्ति बाधित है। बिजली नहीं आने से ग्रामीणों को उमस और अंधेरे के बीच परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे की जानकारी संबंधित अवर अभियंता (जेई) को देने के बावजूद अब तक क्षतिग्रस्त खंभे को ठीक नहीं कराया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार नहर के किनारे लगा बिजली का खंभा एक महिंद्रा ट्रक की टक्कर से टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद खंभे से जुड़ी बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई और गांव में आपूर्ति बंद हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग को इसकी जानकारी दी, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी मौके पर विभागीय टीम नहीं पहुंची।
लगातार बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है। घरों में पंखे और अन्य विद्युत उपकरण बंद होने के कारण उमस में लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं रात के समय पूरे मजरे में अंधेरा छा जाने से ग्रामीणों को आवागमन में भी दिक्कत हो रही है। बिजली बंद होने से पेयजल की व्यवस्था, घरेलू कामकाज और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग को समस्या की जानकारी समय से दे दी गई थी। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि क्षतिग्रस्त खंभे को जल्द ठीक कर विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो परेशानी और बढ़ सकती है।
ग्रामीण गम प्रसाद, सूरज, मूलचंद, मानिकचंद, अनिल कुमार, राकेश कुमार, नरेंद्र कुमार, विजय कुमार बिंद, ननकऊ और हंसराज समेत अन्य लोगों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेने की मांग की है। ग्रामीणों ने मौके पर विभागीय टीम भेजकर क्षतिग्रस्त बिजली के खंभे की मरम्मत कराने अथवा नया खंभा लगाने और जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
Bara, Allahabad | Sep 17, 2026