बदरीनाथ हादसा DGCA के नए नियम के विरोध में चारधाम हेली सेवाएं ठप, 11 कंपनियों ने रोकीं उड़ानें।
बदरीनाथ में 30 अक्टूबर को हुए दुखद हेलीकॉप्टर हादसे के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा लागू किए गए नए सुरक्षा नियमों पर विवाद खड़ा हो गया है। DGCA ने चारधाम की सभी चार्टर्ड हेलीकॉप्टर उड़ानों के लिए अब दो पायलट (Co-pilot) अनिवार्य कर दिए हैं। इस नए नियम के विरोध में 13 में से 11 हेली ऑपरेटर कंपनियों ने अपनी चार्टर्ड सेवाएं पूरी तरह बंद करने का फैसला लिया है।
हेली ऑपरेटरों ने इस नए नियम पर कड़ी नाराजगी जताई है। कंपनियों ने DGCA को पत्र भेजकर इस अनिवार्यता को तुरंत वापस लेने की मांग की है। ऑपरेटरों का तर्क है कि अचानक दो पायलट अनिवार्य करने से हेली सेवाओं का परिचालन खर्च (Operational Cost) काफी बढ़ जाएगा, जिससे आर्थिक नुकसान होगा।
कंपनियों के इस सामूहिक फैसले के कारण चारधाम यात्रा के अंतिम दिनों में दर्शन के लिए जाने वाले तीर्थयात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सेवाओं के बंद होने से पहले से बुक किए गए टिकट भी लगातार रद्द (Cancel) किए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
Dehradun, Dehradun | Nov 2, 2026