🚨हल्द्वानी में मुख्यमंत्री धामी ने किया ‘एनकेबी टाइम्स’ का शुभारंभ, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता को बताया लोकतंत्र की मजबूती का आधार
जनसमस्याओं को शासन तक पहुंचाने में पत्रकारों की अहम भूमिका, जनसरोकारों को प्राथमिकता देने की अपील
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन में आयोजित कार्यक्रम में समाचार संस्थान ‘एनकेबी टाइम्स’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संस्थान की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के प्रसारण का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और आमजन की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण जरिया है। पत्रकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज बनकर उसकी समस्याओं को सामने लाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि एनकेबी टाइम्स जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए पत्रकारिता के उच्च आदर्शों और मूल्यों को आगे बढ़ाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘सबके राम’ की अवधारणा पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक धर्म, जाति या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके आदर्श पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा, साहस, संयम, सहयोग और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर भगवान श्रीराम को ऊर्जा, समाधान और अनंतकाल का प्रतीक बताया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या से रामेश्वरम तक भगवान श्रीराम से जुड़ी आस्था और परंपराएं भारत की सांस्कृतिक एकता को मजबूती प्रदान करती हैं। ‘सबके राम’ का संदेश समाज में आपसी सम्मान, सद्भाव और एकजुटता की भावना को प्रोत्साहित करता है।
इस अवसर पर श्री नमन कृष्ण महाराज ने भी भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और आध्यात्मिक महत्व पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, राजेश शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, नवीन वर्मा, भावना मेहरा एवं रेणु अधिकारी सहित एनकेबी टाइम्स के निदेशक आदित्य सिसौदिया, सिद्धार्थ सिसौदिया, आशुतोष सिंह और गणेश जोशी मौजूद रहे।
इसके अलावा कुमाऊं मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
Dehradun, Dehradun | Nov 2, 2026