शासकीय हाई स्कूल सजवानी में एसडीईआरएफ द्वारा विद्यार्थियों को दिया गया आपदा प्रबंधन एवं बचाव प्रशिक्षण
बड़वानी 03 अक्टूबर 2026/ शासकीय हाई स्कूल सजवानी में विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक बचाव कार्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एसडीईआरएफ द्वारा विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान एसडीईआरएफ की टीम द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव एवं सुरक्षा के महत्वपूर्ण तरीकों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को साँप से संबंधित आपात स्थिति में सुरक्षित बचाव, आग लगने की स्थिति में आग बुझाने के उपाय तथा पानी में डूब रहे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने की तकनीकों का व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने बचाव कार्यों की बारीकियों को समझा तथा आपदा के समय सतर्कता, धैर्य और सुरक्षित तरीके से कार्य करने के महत्व को जाना। एसडीईआरएफ की आकस्मिक सहायता के लिए 1079 डायल कर मदद ले सकते हैं। इस अवसर पर एसडीईआरएफ के प्रमुख श्री शरदचन्द्र राय एवं उनकी टीम का विद्यालय परिवार द्वारा स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में संस्था की प्राचार्य श्रीमती संगीता राजोरिया मैडम, समस्त शिक्षकगण एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य
विद्यार्थियों को आपदा एवं आकस्मिक परिस्थितियों में सुरक्षित रहने, सही समय पर उचित कदम उठाने तथा आवश्यकता पड़ने पर बचाव कार्यों में सहयोग करने के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करना।
#JansamparkMP
#Badwani
25 views | Barwani, Madhya Pradesh | Oct 4, 2026