ग्राम रोझानी में पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए मार्गदर्शन बैठक संपन्न
बड़वानी 4 अक्टूबर 2026/ राजपुर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम रोझानी में भैंस पालन से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिला सदस्यों के लिए एक विशेष मार्गदर्शन बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को पशुपालन गतिविधियों को बेहतर बनाने, वैज्ञानिक प्रबंधन अपनाने और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करने के लिए प्रोत्साहित करना था।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्री आकाश यादव, जिला टीम से श्री राहत,ब्लॉक टीम से NRLM से ब्लॉक प्रबंधक अनीता माली एवं IFC एंकर संजय सोलंकी उपस्थित रहे। उन्होंने समूह की महिलाओं को पशुओं के खान-पान, स्वास्थ्य देखभाल और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से दूध उत्पादन की मात्रा बढ़ाने के संबंध में महत्वपूर्ण और व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया।
शासकीय योजनाओं और ऋण सुविधाओं की मिली जानकारी
बैठक के दौरान पशुपालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और ऋण सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने समूह सदस्यों को मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना, आचार्य विद्या सागर गौ-संवर्धन योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) पशु लोन एवं अन्य लाभकारी शासकीय योजनाएं एवं दुग्ध उत्पादन प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दी।
इसके साथ ही, महिलाओं को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए आवश्यक पात्रता, दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी सरल भाषा में समझाई गई।
बैठक में उपस्थित समूह की महिलाओं ने अधिकारियों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन को बेहद उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि इस जानकारी से उन्हें अपने पशुपालन व्यवसाय को और अधिक उन्नत बनाने तथा आजीविका को मजबूत करने में मदद मिलेगी।