जिला जेल खंडवा में योग शिविर का शुभारंभ
---
मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार प्रदेश की सभी जेलों में आयोजित किए जा रहे प्रदेशव्यापी साप्ताहिक योग शिविर अभियान के अंतर्गत सोमवार को जिला जेल खंडवा में योग शिविर का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 15 से 21 जून तक अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सप्ताहभर संचालित किया जाएगा।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित इस योग शिविर का उद्देश्य बंदियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ बनाना तथा उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है। कार्यक्रम के दौरान योग शिविर में शामिल बंदियों को मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के लोगोयुक्त टी-शर्ट वितरित की गई।
योग शिविर में अनुभवी योग प्रशिक्षक श्री दिनेश जोशी ने बंदियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने बंदियों को ताडासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं गहरी श्वास संबंधी योग क्रियाओं का प्रशिक्षण देते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्फूर्ति बढ़ती है, मानसिक तनाव कम होता है तथा सकारात्मक सोच का विकास होता है। बंदियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया और प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायालय के रजिस्ट्रार श्री अरविंद सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री पीयूष भावे, प्रशिक्षु न्यायाधीश श्री कविश ठाकुर, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिंह, जेलर श्री नवीन नेमा के अलावा जिला जेल खण्डवा के कर्मचारीगण भी उपस्थित थे।
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Jail, Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
Social Justice and Disabled Welfare Department ,Madhya Pradesh
Home Department of Madhya Pradesh
#khandwa
16 views | Khandwa, Madhya Pradesh | Jun 15, 2026