आपदा मित्र प्रशिक्षण के पंचम दिवस पर आईआरबी, रोप रेस्क्यू एवं वृक्षारोपण का कराया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण
---
मध्य प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार टीकमगढ़ के तेज होटल में आयोजित सात दिवसीय आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम सत्र का पंचम दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन से संबंधित विषयों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के पंचम दिवस पर पीसी श्री अमित दुबे द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुरूप आपदा मित्रों को विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। इसके उपरांत सभी प्रशिक्षणार्थियों को होमगार्ड कार्यालय टीकमगढ़ ले जाकर व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कराया गया।
जिला सेनानी श्री बी.पी. नामदेव एवं पीसी श्री अमित दुबे की टीम ने प्रतिभागियों को इन्फ्लेटेबल रेस्क्यू बोट (आईआरबी) के संचालन एवं सुरक्षित हैंडलिंग की जानकारी दी। प्रशिक्षण में महिला आपदा मित्रों ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए लगभग 500 मीटर तक बोट को सुरक्षित ढंग से ले जाने का अभ्यास किया। इसके साथ ही आउटबोर्ड मोटर (ओबीएम) के संचालन संबंधी जानकारी एवं व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान रोप रेस्क्यू तकनीक का प्रदर्शन करते हुए ऊंची इमारतों से लोगों को सुरक्षित नीचे उतारने तथा घायलों को ऊपर पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। महिला आपदा मित्रों सहित सभी प्रतिभागियों ने लगभग 30 फीट ऊंची इमारत पर चढ़ने एवं नीचे उतरने का सफल अभ्यास कर रेस्क्यू तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के समापन पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी आपदा मित्रों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को आपदा की स्थिति में त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए दक्ष बनाना है।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh
37 views | Tikamgarh, Madhya Pradesh | Aug 6, 2026