वन स्टॉप सेंटर ने छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक
---
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री ऊदल सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं वन स्टॉप सेंटर टीकमगढ़ की प्रशासक श्रीमती ज्योति पांडे के नेतृत्व में शासकीय हाई स्कूल बनयानी, जिला टीकमगढ़ में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर श्रीमती शिखा शर्मा ने छात्र-छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर योजना के उद्देश्य, कार्यप्रणाली तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिंसा अथवा संकट की स्थिति में पीड़ित महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से चिकित्सा, कानूनी, मनोवैज्ञानिक परामर्श एवं अन्य आवश्यक सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाती है।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सहायता 112, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 शामिल हैं। साथ ही वर्तमान समय में बढ़ते साइबर एवं बाल अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए मोबाइल फोन का सावधानीपूर्वक एवं जिम्मेदारी से उपयोग करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पॉक्सो अधिनियम (बालकों का लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम) के प्रमुख प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा बच्चों को अपने अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं किसी भी प्रकार की अनुचित घटना होने पर तत्काल जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में शासकीय हाई स्कूल बनयानी के प्राचार्य डॉ. हरिहर सिंह, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा वन स्टॉप सेंटर टीकमगढ़ का स्टाफ उपस्थित रहा।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh
28 views | Tikamgarh, Madhya Pradesh | Aug 5, 2026