बरूंदनी में रेलवे पुलिया के नीचे जलभराव से ग्रामीण परेशान, स्थायी समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी ।
आकोला (रमेश चंद्र डाड)बरूंदनी ग्राम वासियों के लिए बडलियास की तरफ जाने वाले रेलवे पुलिया के नीचे बरसों से भरा पानी भारी मुसीबत बना हुआ है। इस जलभराव के कारण यहाँ से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी के कारण आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है।
सांसद और विधायक को सौंप चुके हैं ज्ञापन ग्रामीणों का कहना है कि इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए कई बार क्षेत्रीय सांसद दामोदर अग्रवाल और विधायक गोपाल खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपकर गुहार लगाई जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं निकाला गया है। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर उदासीनता और इस समस्या में कोई रुचि न लेने का आरोप लगाया है।
प्रशासन को उग्र आंदोलन की चेतावनी ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि आने वाले दिनों में रेलवे पुलिया के नीचे होने वाले इस जलभराव का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्र में उग्र आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों के अनुसार, आंदोलन के दौरान होने वाली किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था की स्थिति की समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। ग्राम वासियों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस समस्या का संज्ञान लेकर यहाँ पक्का और स्थायी समाधान करवाए