शाहपुरा में स्वीप गतिविधि
मेहंदी प्रतियोगिता और PPT के जरिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की जानकारी दी
शाहपुरा (भीलवाड़ा) राजेन्द्र कुमार खटीक शाहपुरा-व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी सहभागिता (SVEEP) कार्यक्रम के तहत राजकीय विवेकानंद मॉडल स्कूल, शाहपुरा में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को मतदान का महत्व समझाने और चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के लिए मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश धाकड़ ने बताया कि इन रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रधानाचार्य धाकड़ ने उपस्थित जनसमूह और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हर एक वोट अमूल्य है, इसलिए सभी को बिना किसी प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।प्रतियोगिता में स्कूली छात्राओं ने अपने हाथों पर मतदाता जागरूकता से जुड़े स्लोगन की आकर्षक मेहंदी रचाई। वहीं, ईवीएम का प्रदर्शन कर मतदान की प्रक्रिया को बेहद सरल और रोचक तरीके से समझाया गया। कार्यक्रम के अंत में शत-प्रतिशत मतदान की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ और कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Bhilwara, Bhilwara | Aug 27, 2026