*जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 52 प्रगतिशील एवं नवाचार किसानों का चार दिवसीय कृषि परिभ्रमण दल रांची रवाना*
भागलपुर, दिनांक 22 नवंबर 2026। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), भागलपुर के तत्वावधान में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले के 52 प्रगतिशील एवं नवाचार किसानों को चार दिवसीय कृषि परिभ्रमण कार्यक्रम के तहत आज दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र, रांची (झारखंड) के लिए रवाना किया गया। किसानों के दल को कृषि भवन परिसर, तिलकामांझी, भागलपुर से आरक्षित बस के माध्यम से रवाना किया गया।
इस अवसर पर आत्मा, भागलपुर के उप परियोजना निदेशक श्री प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि इस परिभ्रमण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती की आधुनिक तकनीकों, विधियों एवं व्यावहारिक जानकारी से अवगत कराना तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने बताया कि भागलपुर जिले के सभी 16 प्रखंडों से चयनित प्रगतिशील एवं नवाचार किसानों को इस कार्यक्रम में शामिल किया गया है, ताकि वे कृषि विज्ञान केंद्र में जैविक एवं प्राकृतिक खेती से संबंधित तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से देखकर एवं सीखकर अपने कृषि कार्यों में अपनाएं तथा वापस लौटने के बाद अपने आसपास के अन्य किसानों को भी इन विधियों के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करें।
इस परिभ्रमण कार्यक्रम में कहलगांव प्रखंड के प्रगतिशील किसान श्री मनोज झा सहित अन्य किसान शामिल हैं। किसानों के दल को प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सुल्तानगंज श्री राजीव लोचन के नेतृत्व में रवाना किया गया।
इस कार्यक्रम से किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती की व्यवहारिक जानकारी प्राप्त होगी तथा जिले में टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रसार एवं किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक पहल को बल मिलेगा।
ज़िला जनसंपर्क कार्यालय
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Department of Agriculture, Government of Bihar