डीडवाना थाने का एसपी ने किया औचक निरीक्षण: लंबित मामलों के निस्तारण और अपराधियों पर नकेल कसने के सख्त निर्देश
डीडवाना।जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने शुक्रवार को डीडवाना थाना परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी ने थाने के कार्यप्रणाली, पत्रावलियों के रख-रखाव और विभिन्न आपराधिक मामलों में अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, क्षेत्राधिकारी (CO) उमेश गुप्ता एवं थानाधिकारी मोहन सिंह सहित समस्त थाना स्टाफ उपस्थित रहा। बैठक में एसपी ने लंबित मामलों के निस्तारण, वांछित एवं इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर नियमित दबिश देने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक ने नए कानूनों (BNS/BNSS) तथा लोकल एवं स्पेशल एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए हाईवे गश्त और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। वहीं, बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए हेल्पलाइन 1930 और NCRP की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई तथा 'डिजिटल अरेस्ट' व ऑनलाइन ठगी के खिलाफ क्षेत्र में निरंतर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।एसपी ने स्पष्ट किया कि बीट प्रणाली को मजबूत कर हिस्ट्रीशीटर्स और संदिग्ध तत्वों पर लगातार नजर रखी जाए। साथ ही थाना कार्यालय के रिकॉर्ड का नियमित रख-रखाव और आमजन के साथ संवेदनशीलता से पेश आने की सख्त हिदायत दी।अपराध समीक्षा का उद्देश्य केवल आंकड़ों की रिपोर्ट बनाना नहीं, बल्कि प्रत्येक प्रकरण में ठोस कार्रवाई कर परिणाम देना है। कानून-व्यवस्था में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Didwana, Nagaur | Sep 18, 2026