*जिला कलक्टर की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिला स्तरीय फर्टिलाइजर रेगुलेटरी टास्क फोर्स की बैठक*
*उर्वरकों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर कारवाई के दिये निर्देश*
डीडवाना-कुचामन, 18 सितम्बर। जिला स्तरीय फर्टिलाइजर रेगुलेटरी टास्क फोर्स की बैठक जिला कलक्टर अवधेश मीना की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में आगामी रबी फसलों की बुवाई के मद्देनजर जिले में यूरिया, डीएपी (DAP) सहित अन्य रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता, सुचारू वितरण और गुणवत्ता नियंत्रण की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिला कलक्टर ने कृषि और सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के किसानों को मांग के अनुसार पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्वरकों की आपूर्ति में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निजी खाद विक्रेताओं और सहकारी समितियों के गोदामों का लगातार औचक निरीक्षण करें। साथ ही खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या निर्धारित एमआरपी से अधिक दाम पर बेचने वालों के लाइसेंस निरस्त किए जाएं।
इस दौरान उन्होंने सभी खुदरा उर्वरक विक्रेताओं के लिए पॉइंट ऑफ सेल (POS) मशीन के माध्यम से ही पारदर्शी तरीके से खाद बेचना अनिवार्य करने, वास्तविक स्टॉक और ऑनलाइन स्टॉक का समय- समय पर मिलान करने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक भागचंद कुमावत, सहायक निदेशक महेंद्र सिंह, कमलेश कुमार, कृषि अधिकारी रमेश बेनिवाल, पी डी चौधरी, बजरंगलाल मीणा सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी, इफको के प्रतिनिधि व अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।
Didwana, Nagaur | Sep 18, 2026