प्रोजेक्ट संधान से गांव-गांव में निखर रही खेल प्रतिभाएं, मवई एवं मुड़िया में कबड्डी एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन
ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें प्रोत्साहित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में संचालित प्रोजेक्ट संधान के अंतर्गत गांव-गांव में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की पहल पर संचालित इस विशेष अभियान के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को स्थानीय स्तर पर खेल का मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसी क्रम में जनपद पंचायत मवई एवं ग्राम पंचायत मुढ़िया रिचका में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं मवई क्षेत्र में वॉलीबॉल प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। दोनों प्रतियोगिताओं में ग्रामीण खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल, अनुशासन और खेल भावना देखने को मिली।
प्रोजेक्ट संधान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ ही महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों को समान रूप से अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर से खिलाड़ियों की प्रतिभा को सामने लाकर उन्हें जनपद, क्लस्टर एवं जिला स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
यह पहल न केवल ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़ रही है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित कर रही है। प्रोजेक्ट संधान के माध्यम से जिले की ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Department of Sports & Youth Welfare, Madhya Pradesh
7 views | Mandla, Madhya Pradesh | Nov 3, 2026