'गौ सम्मान आह्वान अभियान' के तहत पलटन बाजार में हस्ताक्षर अभियान व बैठक आयोजित
देहरादून देशभर में संतों के सानिध्य में चलाए जा रहे 'गौ सम्मान आह्वान अभियान' के अंतर्गत आज जंगम शिवालय, पलटन बाजार में एक बृहद हस्ताक्षर अभियान और बैठक का आयोजन किया गया। टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत श्री कृष्णा गिरी जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुए इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गौ माता को 'राष्ट्र माता' का दर्जा दिलाना है।
इस अवसर पर महंत कृष्णा गिरी जी महाराज ने सभी सनातनियों से पूरे मनोयोग के साथ इस अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए गाय को सनातन धर्म का मूल बताया। अभियान के देहरादून जिला प्रभारी योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी ने गौ संरक्षण व संवर्धन के लिए विशेष कानून बनाने की मांग की। उन्होंने आगामी 17 नवंबर (गोपाष्टमी) को सड़कों पर घूम रहे गौवंश को चारा खिलाने की अपील की और पशुपालकों से दूध निकालने के बाद गायों को सड़कों पर न छोड़ने का आग्रह किया। वहीं, रुड़की से पधारे नंदी बाबा सर्वेश्वर दास जी महाराज ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए जन-जन से इसमें सहभागी बनने का अनुरोध किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड विद्वत सभा के पूर्व अध्यक्ष आचार्य विजेंद्र ममगाईं, आचार्य मनोज ढोढियाल, सैनिक शिरोमणि मनोज ध्यानी, आचार्य कालिका प्रसाद थपलियाल, टपकेश्वर सेवादल के महामंत्री महेश खंडेलवाल, श्री महाकाल सेवा समिति के अध्यक्ष रोशन राणा, गौरव जैन, जितेंद्र मलिक, विवेक मोहन श्रीवास्तव, देवेंद्र सिंह पुंडीर, भजन गायक बृजेश शुक्ला, हरि कृष्ण पेटवाल और प्रदीप अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।