स्वर्गीय पिटर बड़ा मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट: स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का सानिध्य देने का प्रयास
खेल की नगरी सिमडेगा को विश्वपटल पर हॉकी सिटी के रूप में लाने के उद्वेश्य से सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा की पहल पर स्वर्गीय पिटर बड़ा मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट की शुरुआत आगामी 16 अक्टूबर से सिमडेगा के एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
इस टूर्नामेंट को लेकर विधायक भूषण बाड़ा ने आज प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि इस टूर्नामेंट में झारखंड सहित ओडिसा और छत्तीसगढ़ से कुल 18 टीम शामिल होगी। विधायक ने बताए कि 16 अक्टूबर को इस टूर्नामेंट का भव्य आगाज किया जाएगा। टूर्नामेंट का उद्घाटन करने झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर सहित कई अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सिमडेगा पहुंचेंगे। टूर्नामेंट के मैच इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम और एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में सम्पन्न किए जाएंगे। विधायक भूषण बाड़ा ने बताया कि प्रतियोगिता को खास बनाने के लिए सिमडेगा में जन्मे सभी पूर्व एवं वर्तमान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों को एक मंच पर लाने की तैयारी है।वे स्वयं सभी पूर्व एवं वर्तमान अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को आमंत्रित कर रहे हैं। विधायक ने कहा कि नई पीढ़ी को जिले के उन सभी स्टार खिलाड़ियों से रूबरू कराया जाएगा, जिन्होंने सिमडेगा से निकलकर बड़े मंचों पर जिले का नाम रोशन किया है। पूर्व और वर्तमान खिलाड़ियों की मौजूदगी स्थानीय युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक होगी। उन्हें अनुभवी खिलाड़ियों से खेल की बारीकियां जानने और संवाद करने का अवसर मिलेगा। विधायक ने बताया कि प्रतियोगिता में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष और हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों की विशेष भागीदारी होगी। इससे प्रतियोगिता को व्यापक मंच मिलेगा। इस टूर्नामेंट का फाइनल 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। जिसमें हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की शामिल होंगे। विधायक ने कहा कि इस टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे सिमडेगा की पहचान ग्लोबल लेवल पर हॉकी सिटी के रूप में करना चाह रहे हैं।