Public App Logo
*रेवाड़ी में नशामुक्त संदेश के साथ 6 सितंबर को होगी मैराथन, *-हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि* पंजीकरण आज से शुरू* *-डीसी अभिषेक मीणा ने मैराथन के सफल आयोजन को लेकर की बैठक* *रेवाड़ी, 17 अगस्त।* नशे के खिलाफ जन जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से रेवाड़ी में आगामी 6 सितंबर को भव्य मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मैराथन में हर आयु वर्ग के नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, औद्योगिक इकाइयों तथा विभिन्न संस्थाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। मैराथन के सफल आयोजन को लेकर डीसी अभिषेक मीणा ने सोमवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम को सु व्यवस्थित, सुरक्षित और आकर्षक बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। डीसी ने बताया कि मैराथन के लिए मंगलवार से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने जिले के नागरिकों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराकर मैराथन में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आयोजन में प्रतिभागियों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी तथा पंजीकरण, प्रतिभागी संख्या, उपस्थिति और अन्य आवश्यक विवरणों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखा जाएगा। बैठक में मैराथन के रूट, प्रतिभागियों की संख्या, रूट प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा एवं सुरक्षा प्रबंधन, पेयजल, टेंट, मंच, प्रकाश एवं ध्वनि व्यवस्था, एलईडी स्क्रीन, फोटोग्राफी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैराथन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए संबंधित विभाग अपने-अपने स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी समय रहते निर्धारित करें। उन्होंने कहा कि मैराथन के प्रचार-प्रसार के लिए भी व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाए, ताकि जिले के अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें। विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक इकाइयों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों तथा अन्य संस्थाओं से समन्वय स्थापित कर प्रतिभागियों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाए। औद्योगिक इकाइयों से आने वाले प्रतिभागियों के लिए भी आवश्यक समन्वय और मार्गदर्शन की व्यवस्था करने के साथ-साथ अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि मैराथन में भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को कार्यक्रम स्थल पर बेहतर अनुभव मिले। इसके लिए आयोजन स्थल पर आवश्यक सुविधाओं के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों एवं आयोजन टीम की तैनाती की जाएगी। डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि रेवाड़ी में आयोजित होने वाली यह मैराथन ‘नशा मुक्त समाज’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों की ओर मोड़ना समय की आवश्यकता है। जिले के नागरिकों की सामूहिक भागीदारी से इस आयोजन को जन-अभियान का रूप दिया जाएगा। बैठक में एडीसी राहुल मोदी, एसडीएम रेवाड़ी दलबीर सिंह, एसडीएम बावल संजीव कुमार, सीटीएम जितेंद्र कुमार सहित इंडस्ट्री एसोसिएशन के प्रतिनिधि आदि मौजूद रहे। --------------- - Rewari News