रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर केदारनाथ धाम में मनाया गया भतूज अन्नकूट पर्व!! भगवान केदारनाथ को अर्पित किया गया नए अन्न का भोग, मध्यरात्रि तक श्रद्धालुओं ने किए विशेष दर्शन!!
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने दी भतूज एवं रक्षाबंधन की शुभकामनाएं!!
रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर गुरुवार रात केदारनाथ धाम में पारंपरिक भतूज अन्नकूट पर्व श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान केदारनाथ के स्वयंभू शिवलिंग का विशेष श्रृंगार कर नए अन्न से तैयार भोग अर्पित किया गया। पर्व के दौरान देर रात तक विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे तथा मध्यरात्रि से सुबह चार बजे तक श्रद्धालुओं को भगवान केदारनाथ के विशेष दर्शन कराए गए।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने भतूज पर्व एवं रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भतूज अन्नकूट पर्व केदारनाथ की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं से पर्व की पवित्रता और परंपराओं को बनाए रखने का आह्वान किया।
भतूज पर्व के लिए बीकेटीसी के साथ ऊखीमठ एवं रुद्रपुर के पंचगाई पंचपंडा हक-हकूकधारियों ने विशेष तैयारियां की थीं। पवित्र अवसर पर नई फसल के पके हुए चावल और विभिन्न स्थानीय अनाज से भोग तैयार किया गया। हक-हकूकधारियों द्वारा विधि-विधान से तैयार किए गए इस अन्नकूट भोग को भगवान केदारनाथ के शिवलिंग पर समर्पित कर शिवलिंग को अन्न से ढक दिया गया।
मध्यरात्रि में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद भगवान को अर्पित अन्न को शिवलिंग से अलग किया गया और धार्मिक परंपरा के अनुसार मंदाकिनी नदी में प्रवाहित किया गया। इसी के साथ भतूज अन्नकूट पर्व का विधिवत समापन हुआ।