मुर्गी बाड़े में कैद हुआ गुलदार, रेस्क्यू के लिए पहुंची वन विभाग की टीम!!
पौड़ी के मासों क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक गुलदार शिकार की तलाश में आबादी क्षेत्र के एक मुर्गी बाड़े में जा घुसा और वहीं कैद हो गया। गुलदार के बाड़े में फंसे होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार को सुरक्षित रेस्क्यू करने की कार्रवाई शुरू की। वन विभाग की टीम ने लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की अपील की, ताकि रेस्क्यू अभियान के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
गुलदार के आबादी क्षेत्र में पहुंचने और मुर्गी बाड़े में कैद होने से क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ने तथा क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
वन विभाग की टीम गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटी हुई है।
Rudraprayag, Rudraprayag | Aug 27, 2026