बिहार विधान परिषद के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 (कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र) के क्रम में आज समाहरणालय स्थित मिनी सभागार में सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी , बांका की अध्यक्षता में समाहरणालय के मिनी सभागार में निर्वाचन तैयारी से संबंधित बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को कोशी स्नातक निर्वाचन-2026 के निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी दी गई। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर 2026 को मतदान तथा 27 अक्टूबर 2026 को मतगणना निर्धारित है। मतदान का समय पूर्वाह्न 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक रहेगा।
बैठक में सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी , बांका द्वारा बताया गया कि प्रेस नोट जारी होते ही जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है। सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया तथा आचार संहिता से संबंधित बुकलेट उपलब्ध कराई गई।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को चौक-चौराहों पर अनावश्यक भीड़, जमावड़ा, धरना-प्रदर्शन तथा निर्धारित अपवादों को छोड़कर अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने पर प्रतिबंध सहित अन्य प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही अपने दल के कार्यकर्ताओं को भी आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की जानकारी देकर उसका दृढ़ता से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में Synthetically Generated Information एवं AI-generated Content के संबंध में भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त रैली, सभा, लाउडस्पीकर एवं वाहनों के उपयोग के लिए आवश्यक अनुमति प्राप्त करने के संबंध में भी अवगत कराया गया।
बैठक के दौरान बांका जिले के मतदान केंद्रों एवं मतदाताओं से संबंधित जानकारी भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई। जिले में संबंधित 11 मतदान केंद्रों पर कुल 10,692 मतदाता हैं। मतदान प्रक्रिया मतपेटिका/बैलेट पेपर के माध्यम से होगी तथा मतदान की गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। सभी प्रतिनिधियों को बताया गया कि मतदान के पक्ष मत पेटिका पुर्णिया स्थित बज्रगृह में रखा जाएगा। प्रतिनिधियों को बताया गया कि मतदान करने हेतु मतदान केन्द्र आने पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए जो अपना निर्वाचक फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाते है, उन्हें अपना पहचान स्थापित करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदित 10 (दस) वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज प्रस्तुत किया जा सकता है।
बैठक के अंत में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन को अपेक्षित सहयोग प्रदान करने की अपील की गई।
विदित हो कि 22 सितंबर 2026 को प्रेस नोट जारी किया गया है। 29 सितंबर 2026 को निर्वाचन की अधिसूचना जारी होगी। नाम-निर्देशन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर 2026, नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर 2026 तथा अभ्यर्थिताओं से नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर 2026 निर्धारित है।
मतदान 23 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को सुबह 8:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) को की जाएगी तथा निर्वाचन की प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 (शनिवार) तक पूरी कर ली जाएगी।
46 views | Banka, Bihar | Oct 15, 2026