बिहार में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा 05 अक्टूबर से राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला पदाधिकारी, बांका के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग द्वारा जिले में लगातार छापेमारी एवं वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, वाहनों में ओवरलोडिंग तथा यातायात के अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसके अतिरिक्त, जिले के महत्वपूर्ण स्थलों अमरपुर, कटोरिया एवं धोरैया सहित अन्य क्षेत्रों में लगातार वाहन जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
बांका जिले में अब तक कुल 365 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 45,68,826 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है।
जिला पदाधिकारी द्वारा वाहन जांच अभियान में तेजी लाने, निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, अभियान में लापरवाही बरतने एवं खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने का निर्देश दिया गया है।
जिला परिवहन विभाग द्वारा आम नागरिकों से अपील की जाती है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक भार न लादें तथा नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन परिचालन अपनाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में सहयोग करें।
39 views | Banka, Bihar | Oct 15, 2026