जिला स्तरीय जनसुनवाई में 14 परिवाद दर्ज, कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन।
बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को अधिक सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाना है। इस निश्चय के अंतर्गत आमजनों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित किए जाने की व्यवस्था की गई है।
जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश के निर्देश के आलोक में आज जिला स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन अपर समाहर्ता, नवादा श्री मनोज कुमार की अध्यक्षता में किया गया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजनों द्वारा कुल 14 शिकायतें दर्ज कराई गईं। अपर समाहर्ता द्वारा परिवादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जाँचोपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान थाना वारिसलीगंज, ग्राम हैवतपुर के सुनील रविदास द्वारा नाली निर्माण, थाना कौआकोल, ग्राम जोगाचक के जयप्रकाश यादव द्वारा ट्रांसफार्मर स्थापित करने, थाना रोह, ग्राम मरूई टोला के अर्जुन यादव द्वारा भूमि विवाद तथा थाना मुफस्सिल, ग्राम माधो बिगहा की माधुरी देवी द्वारा जमीन की राशि के भुगतान से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य परिवादियों द्वारा भी विभिन्न प्रकार की शिकायतें एवं समस्याएँ प्रस्तुत की गईं।
अपर समाहर्ता द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसी क्रम में अनुमंडल कार्यालय, नवादा में भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Aug 25, 2026