#बोकारो #पुलिस ने इस साल अब तक 757 खोए #मोबाइल बरामद कर धारकों को सौंपे
#bokaro: जिले में मोबाइल फोन गुम होने और चोरी की बढ़ती शिकायतों के बीच बोकारो पुलिस ने #CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 25 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 के बीच जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 73 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बुधवार को सत्यापन के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना और ओपी प्रभारियों को मोबाइल गुम होने की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल बरामद करने का आदेश दिया गया था। इसके तहत चास, बेरमो (तेनुघाट), नगर, मुख्यालय और बोकारो अनुमंडल क्षेत्रों में अभियान चलाया गया।
इस साल अब तक 757 मोबाइल बरामद
पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक जिले में कुल 757 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जा चुके हैं। वहीं, मोबाइल चोरी के मामलों में तीन प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू कर दिया है।
मोबाइल गुम होने पर तुरंत करें शिकायत
बोकारो पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाना में इसकी सूचना दें। साथ ही भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर जाकर मोबाइल से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज करें।
Chas, Bokaro | Nov 25, 2026